एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
जिला कुल्लू बागीपुल के शलूरी में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। यहां एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर शलूरी नाले में करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में दो लोग सवार थे। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा देर रात हुआ। कार के नाले में गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद करीब रात 1:30 बजे खाई से बाहर निकाला गया। एक घायल को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि दूसरे घायल को पुलिस वाहन से अस्पताल ले जाया गया।
हादसे में अमृतलाल, निवासी बागीपुल, की मौत हो गई। वह पेशे से मोटर मैकेनिक बताए जा रहे हैं। वहीं, दूसरा व्यक्ति चिंटू हादसे में घायल हुआ है और अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर कार के अनियंत्रित होकर नाले में गिरने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
