एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत किन्नौर पुलिस ने चिट्टा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्पीलो स्थित कुबेर होटल में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 7.79 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), 1,04,700 रुपये की नकदी और एक डिजिटल वजन मशीन बरामद की। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान बुधासेन उर्फ विक्की (31), निवासी स्पीलो को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब बरामद नशे की खेप के स्रोत और इसके आगे के सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
रिकांगपिओ में आयोजित प्रेस वार्ता में हिमाचल प्रदेश के बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने किन्नौर पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने दावा किया कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भाजपा युवा मोर्चा के पूह ब्लॉक अध्यक्ष रह चुका है और भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता रहा है।
मंत्री ने आरोप लगाया कि आरोपी क्षेत्र में नशे के कारोबार से जुड़ा हुआ था और उसकी गिरफ्तारी से जिले में सक्रिय चिट्टा नेटवर्क की एक महत्वपूर्ण कड़ी सामने आई है। उन्होंने कहा कि किन्नौर पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ पूरी मुस्तैदी से कार्रवाई कर रही है और अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा। जगत सिंह नेगी के अनुसार, किन्नौर पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत अब तक 25 मामले दर्ज किए हैं और करीब 120 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर चिट्टा सप्लाई के स्रोत, नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपियों की जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
