एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
राजधानी शिमला के टोलैंड क्षेत्र में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। हादसा सीपीडब्ल्यूडी कॉलोनी के समीप हुआ, जहां टोलैंड से खलीनी की ओर जा रही एक कार सामने से आ रहे टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही छोटा शिमला पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान प्रवीण निवासी ननखड़ी और हेमंत निवासी जुब्बल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों पुलिसकर्मी कार में सवार होकर टोलैंड से खलीनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सीपीडब्ल्यूडी कॉलोनी के पास उनकी कार की सामने से आ रहे टैंकर से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टक्कर के कारण, वाहन की स्थिति और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
हादसे में दो पुलिसकर्मियों की मौत से पुलिस विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर है।
