एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर में 8 हिमाचल प्रदेश एनसीसी बटालियन द्वारा 18 से 24 मई 2026 तक “हिमट्रैक-3 एनसीसी शिविर” का आयोजन किया जा रहा है। इस सात दिवसीय शिविर में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ निदेशालय के अंतर्गत आने वाले आठ एनसीसी ग्रुप मुख्यालयों से कुल 510 कैडेट भाग ले रहे हैं।
शिविर का औपचारिक शुभारंभ विभिन्न ग्रुपों से पहुंचे कैडेटों के आगमन के साथ हुआ, जबकि उद्घाटन संबोधन 8 हिमाचल प्रदेश एनसीसी बटालियन रामपुर बुशहर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल बीएमएस परमार ने दिया। उन्होंने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि शिविर के दौरान सुरक्षा और अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता रहेंगे। साथ ही उन्होंने प्रशिक्षण, स्वच्छता, पौष्टिक भोजन, आत्म-देखभाल और ट्रैकिंग गतिविधियों के सफल संचालन पर भी विशेष जोर दिया।
इस शिविर में 510 एनसीसी कैडेटों के अलावा 15 एसोसिएट एनसीसी अधिकारी और एनसीसी स्टाफ भी भाग ले रहे हैं। शिविर संचालन में लेफ्टिनेंट कर्नल विपिन सारकेक, शिविर एडजुटेंट कैप्टन डॉ. संदीप कुमार ठाकुर, लेफ्टिनेंट मोहन नेगी, मानद लेफ्टिनेंट प्रीतम और जूनियर कमीशंड अधिकारी प्रेम सिंह सहित भारतीय सेना के अन्य जवान भी सहयोग कर रहे हैं।
विभिन्न एनसीसी ग्रुपों से आए कैडेटों में रोहतक, अंबाला, चंडीगढ़, अमृतसर, पटियाला और जालंधर ग्रुप से 63-63 कैडेट शामिल हैं, जबकि शिमला ग्रुप से 69 और लुधियाना ग्रुप से 44 कैडेट पहुंचे हैं। शिविर के दौरान कैडेटों को पर्वतीय परिस्थितियों से परिचित करवाने के लिए विशेष ट्रैकिंग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें जीसी रामपुर से खड़गा, देवधांक और राचोली तक के ट्रैकिंग मार्ग प्रमुख रहेंगे।
शिविर का मुख्य उद्देश्य मैदानी क्षेत्रों के कैडेटों को पहाड़ी जीवन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का अनुभव करवाना है। साथ ही एनसीसी के मूल मंत्र “एकता और अनुशासन” के माध्यम से उनमें साहस, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करना भी इस आयोजन का अहम लक्ष्य है।
