एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
जिला शिमला के पुलिस थाना रामपुर क्षेत्र के अंतर्गत जोगनी नामक स्थान पर शुक्रवार सुबह सड़क हादसा पेश आया। अल्टो के-10 (एचपी-06बी-5765) कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में चालक सहित पांच लोग सवार थे।
दुर्घटना में कार चालक पिंकी राम (40) पुत्र भीषण, निवासी गांव मुनिष, डाकघर बाहली, तहसील रामपुर, जिला शिमला की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में सरजन (36) पुत्र श्याम लाल, ज्योति प्रकाश (37) पुत्र रूप सिंह, ललित (27) पुत्र किशन तथा जय प्रकाश (29) पुत्र सुंदर लाल, सभी निवासी गांव मुनिष, डाकघर बाहली, तहसील रामपुर, जिला शिमला घायल हो गए। स्थानीय लोगों एवं प्रशासन की सहायता से सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर, खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
