एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) रामपुर इकाई ने राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर संगठन का 78वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। कार्यक्रम में सिग्मा स्कूल ऑफ साइंस के प्रबंध निदेशक अतुल टंडन मुख्य अतिथि तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक पवन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान एबीवीपी की 78 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। मुख्य वक्ता पवन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विद्यार्थी जीवन के आदर्शों, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका तथा एबीवीपी की स्थापना से लेकर अब तक के संगठनात्मक सफर और उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित, समाजसेवा और चरित्र निर्माण के मूल्यों को अपनाकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि अतुल टंडन ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आग्रह किया।
इस अवसर पर एबीवीपी रामपुर के विभाग संयोजक रवि वर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमन वर्मा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन ‘भारत माता की जय’ और विद्यार्थी परिषद के घोष के साथ हुआ।
