एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राजकीय महाविद्यालय, रामपुर बुशहर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातकोत्तर (पीजी) प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश तथा तृतीय सेमेस्टर (रोल-ऑन) प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी महाविद्यालय के प्राचार्य ने दी।
महाविद्यालय में एमए (अर्थशास्त्र, अंग्रेज़ी, हिन्दी, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र एवं इतिहास में 40-40 सीटें तथा भूगोल में 20 सीटें), एमकॉम (40 सीटें), एमएससी (वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित एवं प्राणी विज्ञान में 20-20 सीटें) तथा पीजीडीसीए (60 सीटें) में प्रवेश दिए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी 18 जुलाई से 28 जुलाई, 2026 तक महाविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार 29 और 30 जुलाई को आवेदन पत्रों की जांच की जाएगी। 31 जुलाई (सायं 5 बजे) प्रथम मेरिट सूची जारी होगी। चयनित अभ्यर्थियों की ऑफलाइन काउंसलिंग, दस्तावेज सत्यापन एवं शुल्क जमा करने की प्रक्रिया 3 से 5 अगस्त तक चलेगी। द्वितीय मेरिट सूची 7 अगस्त (सायं 5 बजे) जारी की जाएगी। इसके चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग एवं शुल्क जमा करने की प्रक्रिया 10 और 11 अगस्त को होगी। नियमित कक्षाएं 12 अगस्त, 2026 से प्रारंभ होंगी। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा मेरिट सूची एचपीयू प्रवेश परीक्षा के अंकों के आधार पर तैयार होगी। हालांकि पीजीडीसीए पाठ्यक्रम पर यह शर्त लागू नहीं होगी।
काउंसलिंग के समय अभ्यर्थियों को प्रवेश परीक्षा स्कोर कार्ड, प्रवेश पत्र, मैट्रिक एवं जमा दो की अंकतालिकाएं, स्नातक की समेकित डीएमसी, चरित्र प्रमाण-पत्र, श्रेणी प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो), हिमाचली बोनाफाइड प्रमाण-पत्र (महिला अभ्यर्थियों के लिए, यदि लागू हो) तथा गैप प्रमाण-पत्र/शपथ-पत्र (यदि लागू हो) के मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
वहीं, स्नातकोत्तर तृतीय सेमेस्टर (रोल-ऑन) प्रवेश प्रक्रिया 18 से 31 जुलाई, 2026 तक सभी पीजी विभागों में पूरी की जाएगी। महाविद्यालय प्रशासन ने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथियों के भीतर आवेदन करने तथा प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट देखने का आग्रह किया है।
