एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
प्रदेश सरकार में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शनिवार को अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान रामपुर उपमंडल के दरकाली स्थित देवता लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में आयोजित दकनौल धार्मिक समारोह में भाग लिया। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को भी समान प्राथमिकता दे रही है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सरकार जनकल्याण और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। दरकाली क्षेत्र सहित पूरे क्षेत्र में संपर्क सड़कों के निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, डामरीकरण, पुल-पुलियों, नालियों और सुरक्षा दीवारों के निर्माण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोक निर्माण विभाग के सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि सेब सीजन के दौरान तकलेज-दरकाली संपर्क मार्ग को हर हाल में सुचारु रखा जाएगा। यदि किसी कारणवश मार्ग बंद होता है तो उसे 24 घंटे के भीतर यातायात के लिए बहाल करने के निर्देश विभाग को दिए गए हैं। मंत्री ने बताया कि दौरे के दौरान तकलेज से दरकाली तक विभिन्न स्थानों पर लोगों ने अपनी समस्याएं और विकास संबंधी मांगें उनके समक्ष रखीं। इन मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर उन्होंने दो लाख रुपये की लागत से निर्मित कला मंच का लोकार्पण किया। साथ ही मंदिर परिसर में धंस रहे डंगे के निर्माण के लिए पांच लाख रुपये तथा कला मंच के लिए अतिरिक्त 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। समारोह के दौरान आयोजित वॉलीबॉल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। महिला मंडलों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक लोकनृत्यों ने समारोह को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने क्षेत्रवासियों की जनसमस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित के कार्यों और लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह, पर्यटन बोर्ड के निदेशक यशपाल सोनी, एचपीएमसी के निदेशक भूपेश धीमान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, जिला परिषद सदस्य रोनी राणा एवं अनुराधा, पंचायत समिति रामपुर की अध्यक्ष पूजा कुमारी, उपाध्यक्ष सुनील, पार्टी पदाधिकारी बृज लाल, राहुल सोनी एवं राजीव ठाकुर, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
