एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में नगर परिषद रामपुर और रक्तदान सेवा परिवार सोसायटी रामपुर के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 27 यूनिट रक्तदान किया। भारतीय सेना के जवानों ने भी शिविर में पहुंचकर रक्तदान कर समाजसेवा का संदेश दिया।
शिविर में डीएफओ रामपुर गुरहर्ष सिंह ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। जबकि कर्नल स्नेह कुमार, लेफ्टिनेंट कर्नल अमित कुमार पठानिया और नगर परिषद अध्यक्ष करण शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर उपलब्ध कराया गया रक्त जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने स्वस्थ लोगों से नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
रक्तदान सेवा परिवार सोसायटी के अध्यक्ष नितेश भारती ने बताया कि संस्था का यह 62वां रक्तदान शिविर था। सोसायटी लंबे समय से रक्तदान के क्षेत्र में कार्य कर रही है और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है। शिविर में युवाओं के अलावा विभिन्न वर्गों के लोगों ने रक्तदान किया। सेना के जवानों की भागीदारी ने भी अन्य लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
दो माह से खराब है खनेरी अस्पताल का रक्त भंडारण फ्रिज
वहीं, रक्तदान शिविर के बीच खनेरी अस्पताल में पिछले करीब दो माह से रक्त सुरक्षित रखने वाला फ्रिज खराब होने का मामला भी सामने आया है। फ्रिज खराब होने के कारण अस्पताल में रक्त भंडारण की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इससे रक्तदान शिविरों से एकत्र रक्त को सुरक्षित रखने में आयोजकों और स्वास्थ्य विभाग को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को आयोजित रक्तदान शिविर में रक्त भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण कुछ रक्तदाताओं को बिना रक्तदान किए ही वापस लौटना पड़ा। इससे रक्तदान के लिए पहुंचे लोगों में निराशा भी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि खनेरी अस्पताल क्षेत्र का महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान है, जहां रामपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में रक्त जैसी आवश्यक चिकित्सा सुविधा के भंडारण के लिए उपलब्ध फ्रिज का लंबे समय तक खराब रहना चिंता का विषय है।
लोगों ने अस्पताल प्रशासन से खराब फ्रिज को जल्द ठीक करवाने अथवा रक्त भंडारण के लिए वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध करवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में रक्तदान शिविरों से एकत्र रक्त को सुरक्षित रखने में परेशानी न हो और रक्तदाताओं को भी बिना रक्तदान किए वापस न लौटना पड़े।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर नगर परिषद उपाध्यक्ष रोहित नेगी, पार्षद चंद्र प्रभा, सुंदर लाल, नितिका गुप्ता और उमा कुमारी सहित रक्तदान सेवा परिवार सोसायटी के संस्थापक जितेंद्र कुमार तथा पदाधिकारी विरेंद्र कुमार, पुनीत गुप्ता, अतुल कश्यप, तिलक राज, संदीप शर्मा, अखिल अग्रवाल, ज्योति लाल, अनिल मोक्टा, यशवंत शर्मा, यतिन, प्रदीप नेगी, नवरीता बदरेल, विक्की मोक्टा, राकेश राठौर, मनु मेहता और सीएल गुप्ता मौजूद रहे।
