एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कांगड़ा | हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा स्थित पालमपुर क्षेत्र में शादी के महज डेढ़ महीने बाद एक नवविवाहिता फरार हो गई। पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी पत्नी घर में रखे करीब 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गई है।
घर छोड़कर जाने के बाद महिला ने पति के मोबाइल पर मैसेज भेजकर कहा, “मुझे तुम्हारे घर में रहना अच्छा नहीं लग रहा।” इस संदेश के बाद से महिला का मोबाइल फोन बंद आ रहा है और उसने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी कोई जवाब नहीं दिया है।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती, UP से ब्याह कर लाया था युवक
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश की रहने वाली इस युवती की पालमपुर के युवक के साथ Instagram के जरिए जान-पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया। युवक अपने परिजनों के साथ उत्तर प्रदेश गया और वहां रीति-रिवाजों के अनुसार शादी रचाने के बाद युवती को पालमपुर लाया। नवविवाहिता के आगमन की खुशी में परिवार ने पारंपरिक धाम (प्रीतिभोज) का आयोजन भी किया था।
घूमने जाने का बहाना बनाकर सास से मांगे गहने
परिजनों के मुताबिक, शादी के बाद डेढ़ महीने तक महिला का व्यवहार पूरी तरह सामान्य रहा, जिससे परिवार को उस पर कोई संदेह नहीं हुआ। हाल ही में युवती ने पति के साथ कहीं बाहर घूमने जाने का बहाना बनाया और अपनी सास से पहनने के लिए सोने-चांदी के आभूषण मांग लिए। सास ने विश्वास करके उसे गहने सौंप दिए। इसके बाद युवती मौका पाकर रात के अंधेरे में घर से 5 लाख के गहने और 50 हजार की नकदी समेटकर निकल गई।
सुबह जब कमरे में पत्नी नहीं मिली, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों के पास तलाश करने के दौरान ही पति के फोन पर पत्नी का ‘घर अच्छा न लगने’ वाला मैसेज आया और उसका नंबर ऑफ हो गया। फिलहाल इस ठगी से पीड़ित परिवार में सन्नाटा पसरा है, हालांकि अभी तक मामले की आधिकारिक पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
