एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को ग्राम पंचायत रनोल के कोटी बाई में आयोजित ‘उजैन मेला’ के समापन समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए आयोजकों और स्थानीय लोगों को बधाई दी।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि ऐसे मेले प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

क्षेत्र में 120 करोड़ रुपये के सड़क कार्य प्रगति पर
विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं सुधार कार्यों पर लगभग 120 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। इससे क्षेत्र के लोगों और बागवानों को बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की अन्य सड़कों से संबंधित मांगों पर भी प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मुख्य सड़क देवीधार-रनोल के उन्नयन एवं पक्का करने के लिए शीघ्र ही धनराशि का प्रावधान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने सारीवासा में वैली ब्रिज के निर्माण की घोषणा भी की।
लोक निर्माण मंत्री ने रोहड़ू-चिड़गांव-धमवाड़ी सड़क के निर्माण कार्य की धीमी गति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बरसात के दौरान अवरुद्ध होने वाली किसी भी सड़क को 24 घंटे के भीतर बहाल किया जाए, ताकि लोगों और बागवानों को परेशानी न हो।
छैला-यशवंतनगर सड़क के लिए 203 करोड़ रुपये स्वीकृत
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हाल ही में छैला-यशवंतनगर सड़क के निर्माण के लिए 203 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। सड़क का निर्माण पूरा होने से क्षेत्र के बागवानों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और उनकी कृषि एवं बागवानी उपज को बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी।
उन्होंने सराय भवन के निर्माण के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही मंदिर परिसर में हाईमास्ट/हैलोजन लाइट लगाने के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने क्षेत्रवासियों से नशे से दूर रहने की अपील भी की।
रनोल स्कूल के निर्माणाधीन भवन का किया निरीक्षण
लोक निर्माण मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रनोल के निर्माणाधीन भवन का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को जल्द नए भवन की सुविधा मिल सके।
विधायक ने किया मंत्री का स्वागत
रोहड़ू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह का रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में स्वागत किया। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकासात्मक मांगों को मंत्री के समक्ष रखा।
मोहन लाल ब्राक्टा ने कहा कि रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के विकास में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके कार्यकाल में क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
विभिन्न स्थानों पर सुनीं जनसमस्याएं
लोक निर्माण मंत्री ने अपने एक दिवसीय रोहड़ू प्रवास के दौरान परिधि गृह रोहड़ू में जनसमस्याएं सुनीं। इसके अलावा रनोल जाते समय बडियारा, जांगला, थाना, टोडसा, गुमणा, लिंबड़ा, देवीधार और रनोल में विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को लोगों द्वारा प्रस्तुत मांगों और समस्याओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र रेटका, मंडल अध्यक्ष रोहड़ू शिव पाल ठाकुर, पंचायत प्रधान प्रेम राज मेहता, मोहतमीन देवता खंटू रनोल दीवान मेहता, नगर परिषद रोहड़ू के उपाध्यक्ष जितेंद्र चौहान, पार्षद राजकुमार नीटू, पूर्व मंडल अध्यक्ष करतार सिंह कुल्ला, चिड़गांव पंचायत समिति अध्यक्ष उत्तम ठाकुर, पार्षद शमशेर ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष नगर पंचायत चिड़गांव सरला मेहता, उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
