एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
जिला शिमला में जनगणना का कार्य तेजी से जारी है। जिला प्रधान जनगणना आयुक्त एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप के आवास पर भी सोमवार को जनगणना कार्य पूरा किया गया। जिला प्रशासन के अनुसार, शिमला जिले में अब तक करीब 95 प्रतिशत जनगणना कार्य पूरा हो चुका है। जनगणना कार्य पूरा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि कोई भी परिवार जनगणना कार्य से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि यदि किसी परिवार के घर अभी तक जनगणना कर्मी नहीं पहुंचे हैं, तो संबंधित जनगणना कर्मी या अधिकारी से संपर्क कर अपना जनगणना कार्य अवश्य करवाएं।
उन्होंने नागरिकों से जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया, ताकि जिले की जनगणना के आंकड़े सटीक और पूर्ण रूप से तैयार किए जा सकें। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 30 सितंबर 2026 से पहले प्रत्येक परिवार अपनी जनगणना अवश्य करवाए।
“कोई भी न छूटे, हर परिवार की जनगणना हो।”
