एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा के उपायुक्त कुल्लू के पद पर स्थानांतरण के अवसर पर सोमवार को उपायुक्त कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विदाई समारोह आयोजित किया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी तथा उनके कार्यकाल की सराहना की।
डॉ. अमित कुमार शर्मा ने 3 फरवरी 2024 को उपायुक्त किन्नौर का कार्यभार संभाला था। करीब ढाई वर्ष के कार्यकाल के दौरान उन्होंने जिले के अधिकांश दूरदराज क्षेत्रों और गांवों का दौरा कर विकास कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि किन्नौर के लोग बहुत अच्छे और अतिथि सत्कार की भावना से परिपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन में तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी मेहनती एवं कर्तव्यनिष्ठ हैं, जिन्होंने अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन किया। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी शिवानी भी उपस्थित रहीं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डॉ. अमित कुमार शर्मा और उनकी धर्मपत्नी शिवानी को किन्नौरी टोपी और मफलर भेंट कर सम्मानित किया।
इसके बाद उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा को बैंडबाजों के साथ भावभीनी विदाई दी गई। सहायक आयुक्त उपायुक्त विपन कुमार ठाकुर सहित उपायुक्त कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी इस अवसर पर मौजूद रहे।
