एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और सफलता मिली है। पुलिस चौकी सिटी रामपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को करीब 11 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी किन्नौर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, टीम को सूचना मिली थी कि पुराने बस अड्डे के समीप एक गेस्ट हाउस के पास नशीले पदार्थ की गतिविधि हो रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवकों की जांच शुरू की। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से करीब 11 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों युवकों को मौके पर ही हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों की उम्र 20 और 28 वर्ष बताई गई है। दोनों किन्नौर जिले की अलग-अलग तहसीलों के निवासी हैं। पुलिस ने मामले में थाना रामपुर में एक अक्तूबर 2026 को अभियोग संख्या 105/2026 दर्ज किया है। आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद नशीला पदार्थ आरोपितों तक कहां से पहुंचा और इसकी आगे आपूर्ति किसे की जानी थी। पुलिस इस मामले में नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। रामपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
