एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
बुशहर ऑटो ऑपरेटर यूनियन रामपुर के वर्ष 2026 के चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया सोमवार को निर्धारित समय के अनुसार पूरी हो गई। दोपहर तीन बजे नामांकन दाखिल करने की समय सीमा समाप्त होने तक यूनियन के विभिन्न पदों के लिए कुल आठ उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।

प्रधान पद के लिए ओम प्रकाश और गोपाल सिंह ने नामांकन किया है। वहीं, उपप्रधान पद के लिए अरुण रस्तोगी ने अपना नामांकन पत्र जमा करवाया। महासचिव पद के लिए मस्त राम और कालीचरण के बीच मुकाबला होगा। इसके अलावा सह सचिव पद के लिए विजय जोशी, कोषाध्यक्ष पद के लिए रविंद्र मेहता और चेयरमैन पद के लिए विश्वनाथ ने नामांकन दाखिल किया है। इस तरह उपप्रधान, सह सचिव, कोषाध्यक्ष और चेयरमैन पद पर फिलहाल एक-एक उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि प्रधान और महासचिव पद पर दो-दो उम्मीदवारों ने दावेदारी पेश की है।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 7 अक्टूबर को दोपहर तीन बजे तक यूनियन कार्यालय में उपस्थित होकर अपना नामांकन पत्र वापस ले सकेंगे। इसके बाद 8 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में रहने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
इसी दिन दोपहर तीन बजे तक सभी उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। यूनियन की ओर से सभी उम्मीदवारों से चुनाव प्रक्रिया से संबंधित निर्धारित तिथियों और समय का पालन करने का आग्रह किया गया है।
