एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रोहड़ू
जिला शिमला में चिड़गांव और रोहड़ू क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। चिड़गांव के लाकाधार के पास कार अनियंत्रित होकर दड़ा खड्ड में जा गिरी, जिसमें जांगला निवासी युवक की जान चली गई। वहीं, रोहड़ू क्षेत्र में सुंगरी-बाघी सड़क पर एक अन्य कार करीब 400 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लाकाधार के पास खाई में गिरी आई-10, जांगला निवासी युवक की मौत
चिड़गांव क्षेत्र में लाकाधार के पास 11 अक्तूबर 2026 को दोपहर करीब 3:45 बजे सड़क हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार, आई-10 कार नंबर HP10C-3875 अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर नीचे दड़ा खड्ड में जा गिरी। हादसे में जांगला निवासी विनय कुमार की मौत हो गई।
शिकायतकर्ता अनिल निवासी गांव टिक्कर, डाकघर कलोटी, तहसील चिड़गांव ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ कार में सफर कर रहा था। लाकाधार के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार खड्ड में जा गिरी।
इस मामले में पुलिस थाना चिड़गांव में एफआईआर संख्या 103/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच पुलिस चौकी जांगला की ओर से की जा रही है।
रोहड़ू में 400 मीटर गहरी खाई में गिरी ऑल्टो, चालक की मौत
दूसरा हादसा रोहड़ू क्षेत्र में खड़ापत्थर के पास लाफ्फू वैली में सुंगरी-बाघी सड़क पर हुआ। यहां ऑल्टो के-10 कार नंबर HP10C-1148 अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक अखिल बघलाट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिसके बाद कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में पुलिस थाना रोहड़ू में एफआईआर संख्या 112/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
