एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर बुशहर के व्यस्त चौधरी अड्डे पर बुधवार को दिनदहाड़े महिला का पर्स चोरी होने का मामला सामने आया है। महिला जब पास की दुकान पर सब्जी खरीद रही थी, उसी दौरान एक युवक पुलिस गुमटी के पास रखा उसका पर्स उठाकर फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हलचल मच गई।
जानकारी के अनुसार, महिला चौधरी अड्डे पर सब्जी खरीदने पहुंची थी। इस दौरान उसने अपना बैग और पर्स पास में पुलिस गुमटी के सहारे रख दिया। इसी बीच एक युवक वहां आया और पर्स उठाकर तेजी से भाग निकला। आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक युवक मौके से दूर जा चुका था। घटना का पता चलने के बाद स्थानीय लोगों ने युवक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। बताया जा रहा है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में युवक की गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि यदि कोई व्यक्ति सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे युवक को पहचानता है या उसके बारे में कोई जानकारी रखता है, तो रामपुर पुलिस को सूचित करे। इससे मामले की जांच में मदद मिल सकती है। फिलहाल, युवक की पहचान और पर्स में रखे सामान के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
