एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
हिमाचल प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल (पुरुष एवं महिला) भर्ती की तैयारी कर रहे होमगार्ड जवानों के लिए प्रदेश सरकार और लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने बड़ी राहत दी है। गृह विभाग के फैसले के बाद लोक सेवा आयोग ने होमगार्ड जवानों को ऊपरी आयु सीमा में 5 वर्ष की एकमुश्त विशेष छूट देने का निर्णय लिया है। आयोग ने इस संबंध में आवश्यक शुद्धि पत्र (Corrigendum) जारी कर दिया है। आयु सीमा में छूट मिलने के बाद नए पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन का पर्याप्त अवसर देने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि को 15 दिन बढ़ाकर 5 सितंबर 2026 (रात 11:59 बजे तक) कर दिया गया है।
आवेदन प्रक्रिया से जुड़े मुख्य बिंदु
केवल ऑनलाइन आवेदन: इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। डाक या किसी अन्य ऑफलाइन माध्यम से भेजे गए आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
पुराने अभ्यर्थियों को छूट: जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए सफलतापूर्वक आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं है।
नए पात्र अभ्यर्थियों के लिए निर्देश: 5 साल की आयु छूट मिलने के बाद जो होमगार्ड जवान अब इस भर्ती के लिए पात्र बने हैं, केवल उन्हें ही नया पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
गृह रक्षा (होमगार्ड) के जवान लंबे समय से पुलिस कांस्टेबल भर्ती में आयु सीमा में छूट की मांग कर रहे थे। कई जवान ऐसे थे जो सेवा का अनुभव होने के बावजूद केवल निर्धारित आयु सीमा पार कर जाने के कारण भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो जाते थे। सरकार और आयोग के इस फैसले से ऐसे सैकड़ों अनुभवी होमगार्ड जवानों को पुलिस विभाग में नियमित सेवा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
