एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में हाल ही में की गई फीस वृद्धि के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को विद्यार्थियों की समस्याओं और फीस बढ़ने से उन पर पड़ रहे अतिरिक्त आर्थिक बोझ से अवगत करवाया।
NSUI के पूर्व विश्वविद्यालय अध्यक्ष प्रवीण मिन्हास ने कहा कि फीस वृद्धि से प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले छात्रों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से विद्यार्थी हित में बढ़ी हुई फीस को वापस लेने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विद्यार्थियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति को फीस वृद्धि कम करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
NSUI ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि फीस में राहत मिलने से प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों को लाभ होगा। NSUI के पूर्व राज्य उपाध्यक्ष वीनू मेहता ने कहा कि शिक्षा अधिकार है, आर्थिक बोझ नहीं। उन्होंने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी विद्यार्थी को उच्च शिक्षा से वंचित नहीं होना चाहिए।
NSUI ने कहा कि संगठन भविष्य में भी विद्यार्थियों के अधिकारों, सुविधाओं और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाता रहेगा।
