एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद रामपुर प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के पहले चरण में खनेरी से चूहाबाग तक किए गए स्थायी और अस्थायी अतिक्रमणों की पहचान करते हुए 32 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
संयुक्त टीम ने मौके पर राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर सीमांकन (डिमार्केशन) किया तथा पूरे अभियान की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी करवाई। नोटिस प्राप्त करने वाले लोगों को एक सप्ताह के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तय समय सीमा के भीतर कब्जे नहीं हटाए जाने पर विभाग स्वयं कार्रवाई करेगा और अतिक्रमण हटाने में आने वाला पूरा खर्च संबंधित अतिक्रमणकर्ता से वसूला जाएगा।
जानकारी के अनुसार, भैरा खड्ड से चौरा तक एनएच-5 पर 200 से अधिक संभावित अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं, जो यातायात और राहगीरों की सुरक्षा के लिए बाधा बन रहे हैं। अभियान राजस्व विभाग, पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की संयुक्त टीम द्वारा चलाया जा रहा है।
एनएचएआई रामपुर के सहायक अभियंता प्रदीप कौशल ने बताया कि अभियान के दूसरे चरण में शुक्रवार को चूहाबाग से वजीर बावड़ी तक निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान चिन्हित अतिक्रमणकर्ताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।
