एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस एवं शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षा महाविद्यालय एवं डिग्री कॉलेज, नोगली-बालना ने आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए विशेष पहल की है। संस्थान के संस्थापक डॉ. मुकेश कुमार ने BPL, SC, ST और OBC वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को B.Ed. पाठ्यक्रम में विशेष फीस छूट देने की घोषणा की है।
संस्थान की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, गरीबी रेखा से नीचे (BPL) आने वाले परिवारों के विद्यार्थियों को B.Ed. पाठ्यक्रम में विशेष फीस छूट दी जाएगी। पात्र BPL विद्यार्थी ₹33,000 प्रतिवर्ष, यानी दो वर्षों की कुल ₹66,000 फीस में B.Ed. प्रशिक्षण पूरा कर सकेंगे।
इसी प्रकार आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद SC, ST तथा OBC वर्ग के विद्यार्थियों के लिए भी विशेष प्रावधान किया गया है। पात्र विद्यार्थियों को कुल ₹35,000 की फीस में दो वर्षीय B.Ed. प्रशिक्षण पूरा करने का अवसर मिलेगा। वहीं, संस्थान के अनुसार अनाथ विद्यार्थियों को B.Ed. पाठ्यक्रम में निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
संस्थान के संस्थापक डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी युवा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। उनका उद्देश्य जरूरतमंद और प्रतिभाशाली युवाओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि मानव शिक्षा कल्याण समिति लंबे समय से समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे समाज को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी आह्वान किया कि वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग करें, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी युवा को अपने सपनों से समझौता न करना पड़े।
संस्थान के अनुसार, विशेष फीस छूट की यह सुविधा अंतिम 30 सीटों के लिए उपलब्ध होगी। प्रवेश की अंतिम तिथि 7 सितंबर निर्धारित की गई है और सीटों पर प्रवेश ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दिया जाएगा। शिक्षक दिवस के अवसर पर की गई इस पहल को आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
