Una : अंतिम संस्कार से लौटते वक्त हादसा, टेंपो पलटा; बच्ची की मौत, 8 घायल

एआरबी टाइम्स ब्यूरो 
ऊना। गगरेट उपमंडल के मवा सिंधिया गांव में सोमवार को सड़क हादसे में 12 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। सभी लोग हरोली उपमंडल के बाथू गांव से टेंपो में सवार होकर भंजाल गांव में एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे। वापस लौटते समय टेंपो का टायर फट गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गया। हादसे में 12 वर्षीय दीक्षा की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल गगरेट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दीक्षा को मृत घोषित कर दिया।
घायलों में से तीन अनीता, संजीव और शशि बाला की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों को गगरेट अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। टेंपो चालक सुच्चा सिंह के अनुसार, हादसा टायर फटने के कारण हुआ और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक दुखद याद बनकर रह गया, जहां शोक में शामिल होने निकले लोग खुद एक त्रासदी का शिकार हो गए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *