एआरबी टाइम्स ब्यूरो । बिलासपुर
विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी के समीपवर्ती क्षेत्र दडोह के घने जंगलों में एक अज्ञात महिला का शव मिला है। शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया इसे बेरहमी से की गई हत्या का मामला माना जा रहा है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ जब एक प्रवासी व्यक्ति दडोह क्षेत्र से गुजर रहा था। पुलिस को दिए अपने बयान में उसने बताया कि जब वह गुफा पार्किंग से दडोह की ओर जाने वाले रास्ते के पास जंगल की तरफ गया, तो उसने झाड़ियों के बीच एक महिला को औंधे मुंह गिरे हुए देखा। वारदात की गंभीरता का अंदाजा शव की स्थिति से लगाया जा सकता है। पुलिस के अनुसार महिला के दोनों हाथ पीठ के पीछे रस्सी से कसकर बंधे हुए थे।गले में दुपट्टा लिपटा हुआ था, जिससे आशंका है कि उसका गला घोंटा गया है। महिला के चेहरे और नाक से खून बह रहा था, जो संघर्ष या चोट के निशान की ओर इशारा करता है। इन हालातों को देखते हुए पुलिस का मानना है कि हत्या कहीं और की गई है और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जंगल के सुनसान इलाके में ठिकाने लगाया गया है।
एसपी संदीप धवल ने बताया, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य और फिंगरप्रिंट्स जुटाए हैं, ताकि आरोपियों को पकड़ा जा सके। मृतक महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम एम्स (AIIMS) अस्पताल बिलासपुर में करवाया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल, पुलिस की टीमें आसपास के जिलों और पड़ोसी राज्यों के थानों से संपर्क कर रही हैं ताकि हाल ही में लापता हुई महिलाओं के रिकॉर्ड का मिलान किया जा सके।
