एआरबी टाइम्स ब्यूरो | ऊना
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब उपमंडल में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रविवार रात को की गई, जब अंब थाना पुलिस ने यातायात जांच के दौरान एक कार से 2.99 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अंब थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार में नशीला पदार्थ लेकर कुछ युवक क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रूही क्षेत्र में नाका लगाकर वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो डैश बोर्ड के अंदर छिपाकर रखा गया 2.99 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही कार सवार चारों युवकों को पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सौरभ शर्मा निवासी समनोली परागपुर, रजनीश कुमार निवासी जदामण (कांगड़ा), रोहित राणा निवासी खब्बल ज्वाली (कांगड़ा) और मलकीयत सिंह निवासी जदामण (कांगड़ा) के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चिट्टा कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और किसी भी सूरत में नशा तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।