एआरबी टाइम्स ब्यूरो | हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के भोरंज थाना में तैनात दो कांस्टेबलों को चिट्टा तस्करों से कथित सांठगांठ के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने विभागीय जांच के आदेश जारी किए हैं। इस जांच की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है।
सूत्रों के अनुसार, बीते शनिवार को एएसपी ने स्वयं भोरंज थाना पहुंचकर आरोपित पुलिसकर्मियों से पूछताछ की और कई अहम साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में तस्करों के साथ संपर्क के स्पष्ट संकेत मिलने के बाद ही निलंबन की कार्रवाई की गई।
वित्तीय लेनदेन की भी जांच
जांच का दायरा अब केवल संपर्क तक सीमित नहीं है, बल्कि आरोपियों के बैंक खातों की भी जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि चिट्टा तस्करों के साथ आर्थिक लेनदेन भी हुआ है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई तक पहुंचने की कोशिश कर रही है और संभावना है कि जांच की आंच अन्य लोगों तक भी पहुंच सकती है। हाल ही में सरकार ने साफ किया था कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी सरकारी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। इससे पहले भी शिमला में एक करोड़ रुपये के एलएसडी नशे की तस्करी के मामले में कुल्लू के चार पुलिस कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त किया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों और तस्करों से लिंक के चलते दोनों कांस्टेबलों को निलंबित किया गया है। मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारी को सौंपी गई है और अनुशासनहीनता या अपराध में संलिप्तता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
