एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
जिला किन्नौर की रूपी वैली स्थित ग्राम पंचायत शिगारचा में उद्यान विभाग की ओर से एक दिवसीय संयुक्त जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उद्यान, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, आत्मा परियोजना, पशुपालन तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों एवं किसानों को विभागीय योजनाओं, सेवाओं और विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
उद्यान विभाग के उद्यान अधिकारी राकेश नेगी ने बागवानों को सेब के पेड़ों में लगने वाली पतझड़ सहित विभिन्न बीमारियों की रोकथाम तथा बागवानी फसलों को रोगों से बचाने के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और बागवानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी साझा की।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की ओर से एसईबीपीओ निचार विनय नेगी ने विभागीय योजनाओं तथा ग्रामीण विकास कार्यक्रमों के बारे में ग्रामीणों को अवगत करवाया। उन्होंने पात्र लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
आत्मा परियोजना के तहत आत्मा कर्मी उल्वाम शर्मा ने किसानों को प्राकृतिक एवं जहरमुक्त खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक इस्तेमाल से मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। ऐसे में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।
पशुपालन विभाग के सुमित कुमार ने पशुपालकों को विभागीय योजनाओं, पशुओं के स्वास्थ्य, टीकाकरण तथा पशु रोगों की रोकथाम से संबंधित जानकारी दी। वहीं स्वास्थ्य विभाग के डॉ. मनीष कुमार ने विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं, रोगों की रोकथाम और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया।
उद्यान अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से इस तरह के संयुक्त जागरूकता शिविरों का आयोजन वर्ष 2024 से लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई जा रही है, जिससे ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिल रही है।
