एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
उपमंडल सुन्नी के तहत चाबा के समीप रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो रिक्शा चालक की मौत हो गई। हादसे में चालक ऑटो रिक्शा समेत नदी में जा गिरा। सूचना मिलने के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से नदी से शव को बाहर निकाला।
मृतक की पहचान राजू (51), पुत्र स्वर्गीय रूपु राम, निवासी सुम्मी, ग्राम पंचायत मंढोड़ घाट, थाना सुन्नी के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा रविवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। राजू रोजाना की तरह ऑटो रिक्शा नंबर HP-50-0748 में सवारियों को छोड़ने के लिए सुन्नी से चाबा आया था। सवारियों को छोड़ने के बाद वापस लौटते समय वह वाहन को मोड़ रहा था। इसी दौरान ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा।
हादसा इतना अचानक हुआ कि स्थानीय लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक ऑटो रिक्शा गहरे पानी में समा चुका था। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुन्नी दिलू राम शर्मा की अगुवाई में पुलिस टीम तथा अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की सहायता से तलाश अभियान चलाकर चालक के शव को नदी से बाहर निकाला गया।
शव को नागरिक अस्पताल सुन्नी लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, प्रशासन की ओर से राजस्व विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंची और मृतक के परिजनों को फौरी राहत के तौर पर 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
