एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने रविवार को उपमंडल कोटखाई की ग्राम पंचायत रावलाक्यार में 4 करोड़ रुपये की लागत से स्तरोन्नत होने वाले थाना संपर्क मार्ग के उन्नयन कार्य का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने 77वें वन महोत्सव के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रावलाक्यार के परिसर में पौधरोपण भी किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण और उन्नयन कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। थाना संपर्क मार्ग के उन्नयन से थाना सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के तीन वर्ष से अधिक के कार्यकाल में क्षेत्र के संतुलित और सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। अब तक विधानसभा क्षेत्र में 186 नई सड़कों की सफल पासिंग हो चुकी है और यह प्रक्रिया जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्ष के अंत तक यह आंकड़ा 200 को पार कर जाएगा।
रोहित ठाकुर ने कहा कि कोटखाई में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विकास भवन कोटखाई इसका उदाहरण है। उन्होंने बताया कि प्रगतिनगर स्थित तकनीकी शिक्षा संस्थान में करीब 1200 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। संस्थान के उन्नयन के लिए 110 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति एवं वित्तीय अनुमोदन प्राप्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग कॉलेज गुम्मा में 104 करोड़ रुपये की लागत से आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है। यहां बीटेक सिविल इंजीनियरिंग और सिविल इंजीनियरिंग डिप्लोमा सहित रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। आईटीआई गुम्मा में इलेक्ट्रिक वाहन पाठ्यक्रम भी शुरू किया गया है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री आदर्श स्वास्थ्य संस्थान कोटखाई में मेडिसिन, गायनी, नेत्र और बाल रोग विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध हैं। संस्थान में 28 लाख रुपये की लागत से अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की गई है।
वन महोत्सव के दौरान शिक्षा मंत्री और अन्य लोगों ने 80 देवदार के पौधे रोपे। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए पौधरोपण को जन-अभियान बनाना जरूरी है। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने मंत्री के समक्ष समस्याएं रखीं। छात्राओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम से प्रभावित होकर उन्होंने 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
