एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कांगड़ा | कांगड़ा जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत सीआईए टीम ने पालमपुर क्षेत्र में एक होटल में दबिश देकर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए लोगों में एक महिला भी शामिल है। तलाशी के दौरान टीम ने 7.92 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद करने का दावा किया है। मौके से हरियाणा नंबर की एक कार भी कब्जे में ली गई है।
पुलिस की सीआईए टीम को सूचना मिली थी कि पालमपुर के लोहना में पीसीसीएन चौक के समीप स्थित एक होटल में कुछ संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी और एक कमरे की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार कमरे में चार युवक और एक महिला मौजूद थे। तलाशी के दौरान दपिंद्र सिंह (32), निवासी बड़ागुढ़ा, सिरसा, हरियाणा के कब्जे से 7.92 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने कमरे में मौजूद अन्य लोगों की भूमिका और होटल के बाहर खड़ी कार को लेकर भी जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले में दपिंद्र सिंह के अलावा आदित्य पठानिया, निवासी रामनगर कॉलोनी, कबीर निवासी ठाकुरद्वारा, प्रांशुल कपूर निवासी कालू दी हट्टी और ममता (27) निवासी संधोल, मंडी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरामद चिट्टे और जब्त वाहन को जांच में शामिल कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्य तस्कर तक पहुंचने में जुटी पुलिस
पुलिस की जांच अब केवल बरामद नशीले पदार्थ तक सीमित नहीं है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित तौर पर बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है। पूछताछ के आधार पर तस्करों और अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य नशे की खेप के स्रोत और उससे जुड़े नेटवर्क तक पहुंचना है। आगे की जांच जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
