एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
लुहरी हाइड्रो प्रोजेक्ट प्रभावित किसानों की लंबित मांगों को लेकर नीरथ में परियोजना स्थल पर दूसरे दिन भी प्रदर्शन जारी रहा। लुहरी हाइड्रो प्रोजेक्ट प्रभावित सचिवालय कमेटी के आह्वान पर शुक्रवार को ग्राम पंचायत शमाथला के प्रभावित किसानों ने धरना देकर सरकार, प्रशासन और सतलुज जल विद्युत निगम (एसजेवीएन) के प्रति रोष जताया।
हिमाचल किसान सभा के राज्य अध्यक्ष राकेश सिन्हा, डॉ. ओंकार शाद, लुहरी हाइड्रो प्रोजेक्ट प्रभावित कमेटी के महासचिव देवकी नंद, कृष्णा राणा, किसान सभा के जिला अध्यक्ष रणजीत ठाकुर और सचिव पूर्ण ठाकुर ने कहा कि परियोजना प्रभावित किसानों की मांगों को पूरा करने में सरकार, प्रशासन और एसजेवीएन पूरी तरह विफल रहे हैं। बार-बार समझौते और सहमति बनने के बावजूद लंबित मांगों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे जाहिर होता है कि एसजेवीएन किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नहीं है।
उन्होंने कहा कि परियोजना में जमीन देने वाले 23 परिवारों को आज तक एकमुश्त राशि नहीं मिली है। किसान सभा के साथ सहमति बनी थी कि प्रभावित परिवारों को यह राशि जल्द जारी की जाएगी, लेकिन अभी तक भुगतान नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत निथर, भुट्टी, करांगला और बढ़ाच में कई मकानों में आई दरारों का सर्वे होने के बावजूद प्रभावित परिवारों को मुआवजा नहीं दिया गया। वहीं, परियोजना से उड़ने वाली धूल के कारण फसलों को हुए नुकसान की भरपाई भी नहीं की गई है। इससे किसानों में भारी रोष है। किसान सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रभावित किसानों की मांगों को लेकर संगठन लगातार संघर्ष कर रहा है। जब तक सभी लंबित मांगों का समाधान नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन में काकू, दाता राम, ऋषि, नरेश, अंकुश, अशोक, धान सिंह, हेमलता, रंजना, अनीता, सरोज, मजना, सुरेखा, चमन और वीर सिंह सहित अन्य प्रभावित किसान मौजूद रहे।
