एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
ननखड़ी व तकलेच क्षेत्र में सर्दी के मौसम के दौरान लोक निर्माण विभाग की ओर से करवाए जा रहे सड़क टायरिंग कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व हिमकोफेड चेयरमैन एवं भाजपा नेता कौल सिंह ने कड़ाके की ठंड में किए जा रहे टायरिंग कार्य पर चिंता जताते हुए लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
कौल सिंह ने कहा कि इन दिनों तकलेच सहित रामपुर के ननखड़ी व तकलेच के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों पर टायरिंग का कार्य किया जा रहा है। लेकिन कम तापमान और कार्य में गुणवत्ता का ध्यान न रखे जाने के कारण कई जगहों पर टायरिंग उखड़ने लगी है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि इसी तरह ठंड के मौसम में कार्य जारी रहा तो सड़कों की टायरिंग ज्यादा समय तक टिक नहीं पाएगी।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में मौसम तथा तापमान का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। ऐसे में लोक निर्माण विभाग को कड़ाके की ठंड के दौरान टायरिंग करवाने के बजाय अनुकूल मौसम और उचित तापमान में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि सड़कों की मजबूती बनी रहे और सरकारी धन का सही इस्तेमाल हो सके।
उन्होंने चेताया कि यदि टायरिंग कार्य की गुणवत्ता पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो कुछ ही समय में सड़कें फिर से उखड़ सकती हैं और लोगों को खराब सड़कों पर आवाजाही करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इससे न केवल आम जनता को परेशानी होगी, बल्कि सरकारी धन की भी बर्बादी होगी।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग से सड़क कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि जनता को बेहतर और टिकाऊ सड़कें उपलब्ध करवाना विभाग की जिम्मेदारी है। सड़कों के निर्माण और मरम्मत में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
