एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
शिमला शहर से सब्जी मंडी, अनाज मंडी, लकड़ मंडी तथा ट्रांसपोर्ट गतिविधियों को शहर से बाहर स्थानांतरित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। इसी संबंध में मंगलवार को उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने बताया कि शहर से प्रमुख मंडियों और ट्रांसपोर्ट नगर को स्थानांतरित करने के लिए मेहली के समीप लगभग 300 बीघा प्रस्तावित भूमि का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में राजस्व विभाग के अलावा एपीएमसी, परिवहन विभाग, नगर निगम तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी शामिल रहे।
उन्होंने कहा कि शिमला शहर में प्रतिदिन वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रमुख बाजारों में बढ़ते यातायात दबाव के कारण ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। इसी चुनौती से निपटने के लिए सब्जी मंडी, अनाज मंडी, लकड़ी मंडी और ट्रांसपोर्ट नगर को शहर से बाहर स्थापित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। बैठक में बताया गया कि प्रस्तावित 300 बीघा भूमि इन मंडियों के स्थानांतरण और ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना के लिए उपयुक्त है। यह भूमि निर्माणाधीन मेहली-शोघी फोरलेन के निकट स्थित है, जिससे व्यापारियों, आढ़तियों और आम लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।
बैठक में नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, एसडीएम शिमला (शहरी) ओशिन शर्मा, एसडीएम शिमला (ग्रामीण) मंजीत शर्मा, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विश्व मोहन शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
