एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
कुल्लू जिला आबकारी टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बजौरा क्षेत्र में सड़क जांच अभियान चलाया। इस दौरान मंडी की ओर से आ रही एक वाहन को बजौरा में रोका गया, जिसमें वी.आर.वी. संतरा ब्रांड की 25 पेटियाँ अवैध देसी शराब बरामद हुई। वाहन चालक वैध आबकारी पास या आवश्यक दस्तावेज़ प्रस्तुत करने में असमर्थ रहा। इसलिए बरामद शराब मौके पर ही ज़ब्त की गई और हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 की धारा 39 के तहत मामला दर्ज किया गया। इसी प्रकार, भुंतर-पारला क्षेत्र में एक अन्य कार्रवाई में चिकन शॉप के पास स्थित गुप्त कमरे से वी.आर.वी. संतरा ब्रांड की 22 पेटियाँ अवैध शराब बरामद की गई। शराब जब्त कर अलग मामला दर्ज किया गया।
इस निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई में फूल चंद राणा (राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी), पंकज राणा (सहायक राज्य आबकारी अधिकारी, बंजार), राकेश कुमार (सहायक राज्य आबकारी अधिकारी, कुल्लू), आरक्षी खीमा राम कौंडल और चालक सुरेश कुमार शामिल रहे।
कुल्लू के उपायुक्त, राज्य कर एवं आबकारी, मनोज डोगरा ने टीम की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ ऐसी प्रवर्तन कार्रवाइयाँ भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगी। इसका उद्देश्य हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना और जिले में अवैध शराब व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण रखना है।
