एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राजकीय महाविद्यालय रामपुर में नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन (एन.जे.एच.पी.एस.) के सौजन्य से “सतर्कता : हमारी साझा जिम्मेदारी” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के उप प्राचार्य डॉ. विद्या बन्धु मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन की ओर से ई. अमरीश कपूर (डी.जी.एम, एन.जे.एच.पी.एस.), ई. डी.पी. शर्मा (सीनियर मैनेजर, पावर हाउस – बिजली विंग), ई. नीतेश कुमार (मैनेजर, विजिलेंस) तथा ई. कुलदीप दत्ता (सहायक मैनेजर, विजिलेंस) विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. अनिल वर्मा के स्वागत भाषण से हुआ। तत्पश्चात उप प्राचार्य डॉ. विद्या बन्धु ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर उपस्थित सभी अध्यापकगण, छात्र-छात्राओं एवं अतिथियों को सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा दिलाई। प्रतिज्ञा उपरांत “सतर्कता : हमारी साझा जिम्मेदारी” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ, जिसमें कुल 16 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने प्रभावशाली विचारों के माध्यम से समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद निर्णायक मंडल ने निम्नलिखित प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया—
प्रथम स्थान: कशिश (बी.ए. तृतीय वर्ष)
द्वितीय स्थान: साक्षी (एम.ए. द्वितीय सत्र)
तृतीय स्थान: रोनी राणा (एम.ए. प्रथम वर्ष)
कार्यक्रम के अंत में ई. अमरीश कपूर ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उन्हें अपने जीवन में सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शिता को अपनाने का संदेश दिया। अंत में आयुष अध्यक्ष, इक्नोमिक सोसाइटी के अध्यक्ष ने सभी अतिथियों, निर्णायकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर डॉ. सतपाल, प्रो. पुष्पा नेगी (सहायक आचार्य) सहित विभाग के सभी छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
