एआरबी टाइम्स ब्यूरो, चंबा
जिले के पुलिस मैदान बारगाह में निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम की पहली मंजिल का लेंटर डालते समय बड़ा हादसा हो गया। शटरिंग गिरने से एक मजदूर की दबकर मौत हो गई, जबकि तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान तारकेश्वर (34) पुत्र लाल चंद सिंह, निवासी रहसून गंज, जिला किशनगंज (बिहार) के रूप में हुई है। घायल मजदूरों में लालू कुमार (24) निवासी बिरवा, किशनगंज, दीनबंधु, निवासी धुमली, जिला पश्चिम चंपारण (बिहार) और बालकेश्वर (35) पुत्र छठू महतो, निवासी धुमली, पश्चिम चंपारण (बिहार) शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम को पहले तल पर लेंटर डालने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान तारकेश्वर शटरिंग की जांच कर रहा था, जबकि अन्य मजदूर मिक्सचर डाल रहे थे। अचानक शटरिंग भरभराकर गिर गई, जिसके साथ टनों रेत-बजरी का मिक्सचर भी मजदूरों पर आ गिरा। साथी मजदूरों ने सभी को तुरंत मलबे से निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तारकेश्वर को मृत घोषित कर दिया। घायलों का उपचार मेडिकल कॉलेज चंबा में चल रहा है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है।