एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
चिट्टा तस्करों को गिरफ्तार करने और नशे के खिलाफ पुलिस द्वारा की जा रही कड़ी कार्रवाई के तहत रोहड़ू पुलिस को सोमवार देर रात बड़ी सफलता हाथ लगी है। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस थाना रोहड़ू की टीम ने मध्यरात्रि कार्रवाई करते हुए पंजाब के जिला मोगा के दो युवकों को 83 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों को वाहन सहित रोहड़ू के महेंदली पुल के पास रोका और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 83 ग्राम चिट्टा बरामद किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 25 वर्षीय जश्नदीप सिंह और 25 वर्षीय धर्मप्रीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों युवक पंजाब के जिला मोगा के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी रोहड़ू और चिड़गांव क्षेत्र में चिट्टा सप्लाई करने के इरादे से आए थे। इस मामले में पुलिस थाना रोहड़ू में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है और इस नशा सप्लाई चेन में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
