एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर बुशहर के दत्तनगर स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘द किंग ऑफ द हिमालयन रिंग टाइटल फाइट सीरीज-1’ प्रोफेशनल बॉक्सिंग प्रतियोगिता देर रात सफलतापूर्वक संपन्न हुई। प्रतियोगिता का आयोजन बुशहर बॉक्सिंग क्लब रामपुर और द हिमालयन किंग प्रमोशन हाउस के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें इंडियन बॉक्सिंग काउंसिल का भी सहयोग रहा।
कार्यक्रम में प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश प्रोफेशनल बॉक्सिंग संगठन के अध्यक्ष महेंद्र स्तान, जिला अध्यक्ष अरुण मेहता तथा प्रमोटर जीता सिंह चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे।

एसोसिएशन के अध्यक्ष तिलक राज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों में कुल 12 मुकाबले नॉकआउट प्रणाली के तहत खेले गए। देश के अलग-अलग राज्यों से आए महिला एवं पुरुष बॉक्सरों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
मुकाबलों में हिमाचल के मान ने अनुज को, विनाक्षी ने पंजाब की मेहक प्रीत को, दीपा ने पूनम को हराया। मणिपुर के जनदीव ने हरियाणा के मोनू कुमार को पराजित किया। जम्मू के दीपक कटोच ने चंद्र मोहन (हिमाचल) को, हरियाणा के दीपक कुमार ने अजय कुमार (हिमाचल) को हराया। तुषार (हरियाणा) ने अरुणाचल के दीकसन को तथा विकास (हरियाणा) ने मणिपुर के बिकाश को मात दी। वहीं मिजोरम के वनलाले कावलफिरा ने पंजाब के हरविंद्र सिंह को पराजित किया।
प्रतियोगिता का अंतिम मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें हिमाचल के जितेंद्र कुमार और हरियाणा के शुभम को संयुक्त विजेता घोषित किया गया।

मुख्य अतिथि विक्रमादित्य सिंह ने खिलाड़ियों और आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि दत्तनगर स्पोर्ट्स हॉस्टल में बने इंडोर स्टेडियम का इस प्रकार उपयोग होना सराहनीय है। उन्होंने युवाओं में बढ़ते नशे, विशेषकर चिट्टा जैसे मादक पदार्थों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं और उन्हें नशे से दूर रखने में सहायक सिद्ध होते हैं।
इस अवसर पर एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, पूर्व शिमला ग्रामीण अध्यक्ष अतुल शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य उज्ज्वल मेहता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
