एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर के महात्मा गांधी चिकित्सा परिसर खनेरी में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है। अस्पताल में नई एक्सरे और अल्ट्रासाउंड मशीनें स्थापित कर दी गई हैं। लंबे समय से खराब पड़ी एक्सरे मशीन के कारण मरीजों को हो रही परेशानी के बीच नई मशीन लगने से अब जांच सुविधा बहाल होने की उम्मीद है।
ब्लॉक कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा ने अस्पताल में नई मशीनें स्थापित किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताते हुए लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल का भी धन्यवाद किया।
बैठक में क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों और कांग्रेस संगठन को मजबूत करने को लेकर भी चर्चा की गई। लाल चंद शर्मा ने कहा कि रामपुर में प्रस्तावित सब्जी मंडी के निर्माण कार्य को गति देने के लिए जल्द संबंधित विभागों के अधिकारियों से मुलाकात की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की विकास संबंधी अन्य मांगों को भी सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा।
हादसों में घायलों को मिले तत्काल उपचार, ट्रॉमा सेंटर शुरू करने की मांग
बैठक के दौरान रामपुर में ट्रॉमा सेंटर शुरू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रामपुर पहाड़ी क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहां आए दिन सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल मरीजों को कई बार बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है। ऐसी स्थिति में रामपुर में ही ट्रॉमा सेंटर की सुविधा उपलब्ध होने से गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा और उन्हें दूर के अस्पतालों तक ले जाने में लगने वाला महत्वपूर्ण समय बचाया जा सकेगा। बैठक में इस मांग को सरकार के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों और संस्थानों में खाली पड़े पदों को भरने की मांग भी उठाने पर सहमति बनी।
विधायक की अध्यक्षता में सरकार से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए स्थानीय विधायक नंद लाल की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल जल्द मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल क्षेत्र की लंबित विकास योजनाओं और अन्य जरूरी मांगों को सरकार के समक्ष रखेगा। ब्लॉक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता देश रतन गौतम ने कहा कि रामपुर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार में कांग्रेस सरकारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की दूरदर्शी सोच का परिणाम बताया।
बैठक में डॉ. केदार चौहान, राजीव ठाकुर, रिपुदमन कंवर, अनिरुद्ध बिष्ट, राजेश लारजू, डी डी कश्यप, विशेषर लाल, जानकीदास कपूर, सोहन लाल जोशी, तेजू राम, रतन डोगरा, कृषण कुमार, हरदयाल ठाकुर सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
