एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
शादी जैसे शुभ अवसर पर टेंट हाउस संचालक द्वारा दो परिवारों के साथ कथित धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि संचालक ने शादी की व्यवस्था के नाम पर एडवांस राशि लेने के बावजूद ऐन वक्त पर लाइट, साउंड और कैटरिंग की व्यवस्था नहीं की और फोन बंद कर फरार हो गया। इससे दूल्हा और दुल्हन दोनों पक्षों को भारी परेशानी और मानसिक पीड़ा का सामना करना पड़ा।
मामले में पीड़िता सुनीता ठाकुर निवासी नोर पंचायत, तहसील निरमंड ने बताया कि उन्होंने 12 और 13 नवंबर को अपनी बेटी की शादी देवठी गांव में तय की थी। शादी की व्यवस्थाओं के लिए उन्होंने टेंट हाउस संचालक रविन्द्र कुमार को जिम्मेदारी सौंपी थी। बुकिंग के दौरान संचालक ने गूगल पे के माध्यम से 1 लाख 10 हजार रुपये एडवांस लिए और सभी व्यवस्थाएं समय पर करने का भरोसा दिलाया था।
पीड़िता के अनुसार, शादी से एक दिन पहले आरोपी केवल कुछ सामान छोड़कर चला गया, जबकि लाइट और साउंड सिस्टम सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं नहीं की गईं। बार-बार फोन करने के बावजूद उसने कॉल रिसीव नहीं की। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने उसी दिन दूल्हा पक्ष के देवठी गांव में भी बुकिंग ले रखी थी और दोनों परिवारों को ऐन वक्त पर परेशानी में डाल दिया।
पीड़िता ने बताया कि मेहमानों के पहुंचने और मेहंदी सहित अन्य कार्यक्रमों के बीच परिवार को आनन-फानन में दूसरे व्यक्ति से व्यवस्थाएं करवानी पड़ीं। इस घटना से परिवार को सामाजिक शर्मिंदगी और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ी तथा उनके मान-सम्मान को भी ठेस पहुंची।
पीड़ित परिवार ने रामपुर पुलिस थाना में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। उनका आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद से आरोपी का मोबाइल फोन बंद आ रहा है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने, कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और एडवांस राशि वापस दिलवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी परेशानी न झेलनी पड़े।
