एआरबी टाइम्स ब्यूरो | कसौली
हिमाचल प्रदेश के कसौली विधानसभा क्षेत्र के तहत जोहड़ पटियाला गांव में एक खौफनाक हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने नेपाल मूल के एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम प्रसंग के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम संबंध था, जिसके बाद दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। शनिवार रात को घर पर एक कार्यक्रम था, इसी दौरान महिला ने अपने प्रेमी को वहां बुलाया। देर रात दोनों ने मिलकर व्यक्ति की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी और शव को घर से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस
रविवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने झाड़ियों में शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली गई है। तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को हिरासत में लिया, जिन्होंने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अब दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि हत्या की इस गहरी साजिश और अन्य पहलुओं का पूरी तरह खुलासा किया जा सके।
